प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यूनाइटेड किंगडम के किंग चार्ल्स तृतीय के साथ टेलीफोन पर बातचीत की है। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई है। प्रधान मंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दोनों लोगों के बीच जलवायु एक्शन, जैव विविधता के संरक्षण और ऊर्जा संक्रमण के वित्तपोषण के लिए अभिनव समाधानों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके साथ ही भारत की G20 अध्यक्षता, मिशन LiFE पर बातचीत हुई है। ब्रिटेन के राजा बनने के बाद किंग चार्ल्स तृतीय और प्रधानमंत्री मोदी के बीच यह पहले बातचीत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी किंग चार्ल्स को बहुत ही सफल शासन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने किंग चार्ल्स को जी-20 की अध्यक्षता के बारे में भारत के प्राथमिकताओं के लेकर भी जानकारी दी है। मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि हामहिम किंग चार्ल्स III के साथ पर्यावरण संरक्षण, जलवायु लचीलापन और राष्ट्रमंडल सहित आपसी हित के मुद्दों पर बात करना खुशी की बात थी। साथ ही भारत की G20 प्रेसीडेंसी की प्राथमिकताओं और मिशन LiFE की संभावनाओं पर भी चर्चा की। मिशन लाइफ की प्रासंगिकता को भी लेकर दोनों लोगों के बीच बातचीत हुई है। इसके साथ ही भारत पर्यावरण की दृष्टि से क्या कर रहा है, इसकी भी जानकारी किंग चार्ल्स को दी गई है। दोनों नेताओं के बीच राष्ट्रमंडल राष्ट्रों और इसके कामकाज को और भी मजबूत बनाने को लेकर भी विचार किया गया।
किंग चार्ल्स तृतीय को ‘एक्सेशन काउंसिल’ के एक ऐतिहासिक समारोह में ब्रिटेन का नया महाराज घोषित किया गया था। समारोह का पहली बार टेलीविजन पर प्रसारण किया गया था। उनकी मां एवं महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का निधन हो जाने के बाद 73 वर्षीय पूर्व प्रिंस ऑफ वेल्स की ताजपोशी की गई थी। ब्रिटेन की राजगद्दी पर बैठने वाले चार्ल्स सबसे अधिक उम्र के राजा हैं।