मुख्यमंत्री माणिक साहा ने रविवार को वाम दलों के नेताओं से भाजपा में शामिल होने की अपील की। साहा ने कहा कि उनकी पार्टी गंगा नदी की तरह है और इसमें डुबकी लगाने से उन्हें सभी पापों से छुटकारा मिल जाएगा।
वह दक्षिण त्रिपुरा के काकराबान में जन विश्वास रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, भाजपा इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने कहा, मैं लोगों से अपील करता हूं कि जो अभी भी स्टालिन और लेनिन की विचारधारा में विश्वास करते हैं, वे भाजपा में शामिल हों, क्योंकि यह गंगा की तरह है। यदि आप गंगा में पवित्र स्नान करते हैं तो आपके सभी पाप नष्ट हो जाएंगे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आगे कहा, ट्रेन में डिब्बे अभी भी खाली हैं। खाली डिब्बे में बैठें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हम सभी को उस मंजिल तक ले जाएंगे, जहां हमें पहुंचना चाहिए था। विपक्षी माकपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कम्युनिस्टों ने लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया। वर्षों तक त्रिपुरा में शासन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, कम्युनिस्ट शासन के दौरान कोई लोकतंत्र नहीं था। वे हिंसा औऱ आतंक की रणनीति में भरोसा करते हैं। दक्षिण त्रिपुरा जिले में वामपंथी शासन के दौरान कथित तौर पर 69 विपक्षी नेताओं की हत्या कर दी गई थी। काकराबान कोई अपवाद नहीं था, जहां बहुत सारी राजनीतिक हत्याएं हुईं।
आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 5 जनवरी को जिस जन विश्वास रैली को हरी झंडी दिखाई थी, वह विपक्षी दलों को आकर्षित करेगी।
उन्होंने कहा, 2018 के विधानसभा चुनावों के दौरान त्रिपुरा में शाह द्वारा ‘प्रेष्ठ प्रमुख’ (पृष्ठ प्रभारी) के विचार को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया था। इसने 25 साल बाद कम्युनिस्ट किले को ध्वस्त किया। इस बार जन विश्वास रैली भी विपक्ष के साथ ऐसा ही करेगी। चुनाव के बाद वे माइक्रोस्कोप से ही दिखाई देंगे।