देशभर में मौसम ने बदली करवट, कई राज्यों में बारिश और आंधी से गर्मी में राहत

भारत के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई मैदानी इलाकों में हुई बारिश और तेज हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज भी कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली-एनसीआर में राहत भरी बारिश, यलो अलर्ट जारी

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीती रात हुई बारिश के बाद गर्मी से निजात मिली है। मौसम विभाग ने आज हल्की बारिश और धूल भरी हवाएं चलने की संभावना जताई है। राजधानी में बादल छाए रह सकते हैं। विभाग ने दिल्ली के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश

उत्तर प्रदेश के लगभग 58 जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अंबेडकर नगर, अमेठी, आजमगढ़, बहराइच, बलिया और गोरखपुर सहित अन्य जिलों में तेज हवाओं के साथ बरसात हो सकती है। पश्चिमी हिस्सों में धूल भरी आंधी भी चल सकती है। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

राजस्थान: कहीं गर्मी तो कहीं राहत

राजस्थान के दक्षिणी और पश्चिमी इलाकों में तेज गर्मी का दौर जारी है, जहां तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश की संभावना है। इस क्षेत्र में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं।

बिहार में तेज बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान

बिहार में बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण मौसम में नमी बढ़ गई है। पटना, गया और अन्य जिलों में गरज के साथ तेज बारिश हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। राज्य में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी की संभावना

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी आशंका है। वहीं मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 35 से 37 और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री के बीच रह सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here