सांसद किशोरी लाल शर्मा का शपथ पत्र हो रहा वायरल, बड़ी चूक का किया जा रहा दावा

सोशल मीडिया पर वायरल एक शपथ पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है। चर्चा है कि वायरल शपथ पत्र अमेठी से सांसद चुने गए किशोरी लाल शर्मा के चुनाव नामांकन में दाखिल किया गया है। वायरल शपथ पत्र में 18वीं लोकसभा के बजाय 17वीं लोकसभा अंकित नजर आ रहा है। जिसे बड़ी चूक माना जा रहा है।

चर्चा है कि नामांकन के बाद पत्रों की विधिवत जांच होती है। जांच में भी यह मामला पकड़ में नहीं आया है। इसको लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं।

इस बारे में एडीएम अर्पित गुप्ता ने बताया कि मामला जानकारी में आया है। दिखवाया जाएगा। वैसे यह मानवीय भूल हो सकती है।

कार्यकर्ताओं की आभार सभा को किया संबोधित
किशोरी लाल शर्मा ने बुधवार को अमेठी में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता आभार सम्मेलन में कहा कि जनता के सामने सत्ता शासन का दबाव नहीं चलता है। भाजपा पर अपरोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि अंग्रेजों को भी जनता ने भगाया। विपक्ष की लड़ाई जनता के दम पर लड़ी जाती है।

सांसद ने कहा कि चुनाव के दौरान सत्ता के दबाव में लोग सामने नहीं आए, लेकिन फिर भी पार्टी के लिए काम किया और रिजल्ट दिखा। आज जो अमेठी में इतनी बड़ी जीत मिली है, यह महागठबंधन के प्रयास से रंग लाया और सभी ने कंधे से कंधा जोड़कर मेहनत की। कहा कि विकास कार्यों के लिए सांसद निधि के साथ अन्य स्रोतों पर यहां की जनता निर्णय करेगी। आप लोग इसकी रूपरेखा ऐसी तैयार करिए की सीधा फायदा जनता को मिले। सांसद निधि में भ्रष्टाचार नहीं करना है। मेरे पास अपना व्यवसाय है। उसी से मेरा काम चलता है।

इस मौके पर पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी आशीष शुक्ला, डॉ. देवमणि तिवारी, धर्मेंद्र शुक्ला, मुन्ना सिंह त्रिशुंडी, डॉ. नरेंद्र मिश्रा, हरिशंकर जायसवाल, गुंजन सिंह, अशोक सिंह हिटलर, संजय पाठक, प्रेम नारायण तिवारी, प्रांजल तिवारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here