राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले नेपाल के पीएम और मालदीव के राष्ट्रपति

नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सोमवार को यहां राष्ट्रपति भवन में मालदीव के उनके समकक्ष मोहम्मद मुइज्जू और नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’ ने मुलाकात की।

मुर्मू ने प्रचंड के साथ बैठक के दौरान कहा कि भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत नेपाल प्राथमिकता वाला भागीदार है।

उन्होंने दोनों देशों के बीच ‘‘अद्वितीय संबंधों को और मजबूत करने’’ के लिए देश की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने नेपाल में विभिन्न क्षेत्रों में विकासात्मक पहलों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की, जिससे दोनों देशों के लोगों को फायदा हो रहा है।

मुर्मू ने राष्ट्रपति मुइज्जू का स्वागत करते हुए मालदीव की नयी सरकार और लोगों को शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास जताया कि द्वीपीय राष्ट्र उनके नेतृत्व में समृद्धि और विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।

बयान में कहा गया, ‘दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और बहुआयामी संबंधों का उल्लेख किया और लोगों से लोगों के बीच जुड़ाव, क्षमता निर्माण सहयोग, आर्थिक और व्यापार संबंधों तथा विकास सहयोग सहित हमारे व्यापक द्विपक्षीय सहयोग के महत्वपूर्ण स्तंभों पर प्रकाश डाला।’

राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भारत-मालदीव के संबंधों का मजबूत होना जारी रहेगा।

प्रचंड और मुइज्जू दोनों भारत के पड़ोस और हिंद महासागर क्षेत्र के उन सात नेताओं में शामिल रहे जिन्होंने रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के शपथग्रहण समारोह में भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here