मोदी सरकार के नौ साल: भाजपा यूपी में मिशन 80 का लक्ष्य जरूर पूरा करेगी- प्रदेश अध्यक्ष

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि महाजनसंपर्क अभियान की सफलता से जाहिर हो गया है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीतने का लक्ष्य अवश्य हासिल करेगी। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महांमत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने वर्चुअल बैठक कर अभियान की समीक्षा की।

चौधरी ने कहा कि भाजपा परंपरागत रूप से अपनी सरकार के काम-काज को विनम्रता से लोक दरबार में लेकर जाती है। महाजनसंपर्क अभियान के जरिये मोदी सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियां जनता के बीच लेकर जा रहे हैं।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि महाजनसंपर्क अभियान मिशन 2024 के पूर्व की तैयारी है। भाजपा कार्यकर्ता चुनाव से पूर्व तैयारी करके विजय के लिए उर्वरा भूमि तैयार करना जानते है।

मोदी सरकार के नौ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। 25 मार्च को पार्टी की नई प्रदेश टीम घोषित होने के बाद से संगठन में अन्य स्तर पर भी बदलाव अपेक्षित हैं। लेकिन, पहले निकाय चुनाव और अब महाजनसंपर्क अभियान के चलते परिवर्तन की कार्यवाही रुकी है।

नई टीम की घोषणा जुलाई में होगी
भाजपा के अवध, कानपुर, ब्रज, पश्चिम, गोरखपुर और काशी क्षेत्र में नए क्षेत्रीय अध्यक्षों की तैनाती के बाद से उनकी नई टीम की घोषणा भी जुलाई में होनी है। क्षेत्रीय टीमों में ज्यादा बदलाव का प्रयोग करने की जगह आंशिक परिवर्तन ही किया जाएगा। पार्टी के करीब एक दर्जन से अधिक जिलाध्यक्षों को भी बदला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here