अजीत सिंह जेडीयू में शामिल, बोले-आरजेडी में नहीं होता कार्यकर्ताओं का सम्मान

जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि पता नहीं किस बात के लिए राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह वहां अपमान सह रहे हैं। पर, अब हमें उम्मीद है कि जगदानंद सिंह के पुत्र अजीत सिंह के जदयू में शामिल हो जाने के बाद उनका स्वाभिमान जागेगा और वे भी अपने पुत्र का अनुसरण करेंगे। मंगलवार को अजीत सिंह के समर्थकों के साथ जदयू में शामिल होने के बाद श्री सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में ललन सिंह ने अजीत सिंह को जदयू की सदस्यता दिलाई। कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए हर तबके के लिए काम कर रहे हैं। अजीत सिंह इंजीनियर हैं और अच्छी-खासी नौकरी को छोड़कर समाज सेवा में लगे हैं। पिछले 13 वर्षों से वह राजनीति में सक्रिय हैं और गांवों में काम कर रहे हैं। ऐसे कार्यकर्ताओं की जदयू में कमी है, जो समर्पित होकर गांवों में जाकर काम करते हैं। 

राजद समर्पित कार्यकर्ताओं की कब्रगाह : अजीत

अजीत सिंह ने कहा कि राजद समर्पित कार्यकर्ताओं की कब्रगाह है। राजद कार्यालय में अक्सर कार्यकर्ताओं को जलील किया जाता है। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि हमारी पार्टी में कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलता है। पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य का चौतरफा विकास किया है। महासचिव हर्षवर्द्धन समेत संजय गांधी, मंजीत सिंह, नवीन आर्य चंद्रवंशी आदि नेता उपस्थित थे।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here