बिहार: तेजस्वी यादव ने बोला नीतीश सरकार पर हमला

विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में सरकार नहीं सर्कस चल रहा है। यहां मुख्यमंत्री कुछ कहते है तो उपमुख्यमंत्री कुछ कहते हैं। विधायक कुछ कहता है तो मंत्री कुछ कहते हैं। बिहार की वर्तमान सरकार से लोगों को कोई उम्मीद नहीं रह गई है।

कहा कि भारत सरकार के नीति आयोग की रिपोर्ट में बिहार को सबसे फिसड्डी राज्य बताया गया है। यहां की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा सभी मामलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री के गृह जिले में उन्हीं पर हमला हो जाता है। ऐसे में आमलोगों की सुरक्षा की बात कैसे कही जा सकती है। 

तेजस्वी बांका के पीबीएस कॉलेज मैदान में गुरुवार को एक सभा को संबोधित कर रहे थे। तेजस्वी ने कहा कि शिक्षकों को पढ़ाने में लगाने के बजाय दारू वालों को खोजने में लगाया जा रहा है। राज्य के लोग तबाह हो रहे हैं। स्वास्थ्य का हाल यह है कि सरकारी अस्पताल से सिर्फ रेफर किया जा रहा है। पटना में बिना पैरवी के किसी भी अस्पताल में इलाज नहीं हो सकता है। किसानों के लिए सिंचाई की व्यवस्था नहीं है। युवाओं के बीच बेरोजगारी है। 

आरोप लगाया कि ब्लाक व थाना में बिना पैसा कोई काम नहीं होता है। इस सरकार में कोई सुनवाई व कार्रवाई नहीं होती है। बिहार में हर चार घंटे में रेप, पांच घंटे में हत्या और लूट हो रही है। महंगाई चरम पर है।

जनसभा की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर ने किया। मौके पर पूर्व मंत्री जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व विधायक रामदेव यादव, स्वीटी सीमा हेम्ब्रम, जावेद इकबाल अंसारी, संजय यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here