तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत

बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के बड़ी महिसौथा गांव में तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। मृतका गांव के ही पप्पू साह की 10 वर्षीया पुत्री करिश्मा कुमारी और गुड्डू साह की 9 वर्षीया पुत्री वर्षा कुमारी थी। वर्षा कुमारी अपने ननिहाल में झाड़ी साव के यहां रहकर पढ़ाई करती थी। घटना शनिवार की दोपहर की है। बच्चियों की मौत के बाद से गांव के लोग मर्माहत हैं।

जानकारी के अनुसार शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में धान रोपाई का काम चल रहा था, जहां पप्पू साह धान रोपने गांव के पश्चिम बहियार गए थे। दोपहर में पप्पू साह की पत्नी बिजली देवी ने बेटी करिश्मा कुमारी को नाश्ता लेकर बहियार भेजा था। करिश्मा अपनी सहेली वर्षा कुमारी को लेकर पिता को नाश्ता पहुंचाने बहियार चली गई। वापस लौटने के क्रम में दोनों गांव के ही वेदानंद तालाब में नहाने लगीं, जहां स्नान करने के दौरान करिश्मा तालाब के गहरे पानी में चली गई। सहेली को पानी में डूबती देख उसे बचाने के लिए पानी की गहराई में गई वर्षा भी करिश्मा के साथ डूब गई।

दोनों को डूबते देख बाहर अन्य बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्चों की आवाज सुनकर बहियार में काम कर रहे अन्य किसान दौड़कर पहुंचे। घंटों मशक्कत करने के बाद दोनों बच्चियों के शव को तालाब से बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद करिश्मा की मां बिजली देवी और वर्षा की मां सुधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची शंभूगंज पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here