वसंत कुंज छात्रा छेड़छाड़ केस: आरोपी चैतन्यानंद आगरा से गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने वसंत कुंज की छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे स्वामी चैतन्यानंद को आगरा से दबोच लिया। सूत्रों के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से ताजगंज इलाके के एक होटल में छिपकर रह रहा था। पुलिस ने बीती रात करीब 3.30 बजे उसे गिरफ्तार किया और अब उसे दिल्ली लाया जा रहा है।

संपत्ति कब्जाने की साजिश का भी आरोप
चैतन्यानंद उर्फ पार्थसारथी पर सिर्फ छात्राओं से छेड़छाड़ ही नहीं, बल्कि तीन खरब रुपये से अधिक की संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश का भी आरोप है। बताया जाता है कि उसने आश्रम की संपत्ति से जुड़े ट्रस्ट का विश्वास तोड़कर अपने फायदे के लिए फर्जीवाड़ा किया।

पहली एफआईआर धोखाधड़ी पर दर्ज हुई थी
जानकारी के मुताबिक, वसंतकुंज (नॉर्थ) थाने में सबसे पहले आश्रम के प्रशासक पी.ए. मुरली की शिकायत पर 23 जुलाई को धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज़ तैयार करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें आरोप है कि आश्रम की कुछ इमारतें विभिन्न कंपनियों को किराए पर दी गई थीं, जिससे हर महीने लगभग 60 लाख रुपये की आमदनी होती थी। लेकिन आरोपी स्वामी इस राशि को ट्रस्ट को देने के बजाय खुद हड़प रहा था।

नाम बदलकर चलाता रहा संस्थान
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने संस्थान का नाम बदलकर श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट रिसर्च फाउंडेशन ट्रस्ट कर दिया था और ट्रस्ट से जुड़े दस्तावेज़ों में गड़बड़ी की। साथ ही पीठ से पीएचडी की गारंटी राशि के नाम पर एक करोड़ रुपये की एफडी की मांग भी की थी।

छात्राओं से छेड़छाड़ और गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट
धोखाधड़ी के अलावा स्वामी के खिलाफ छात्राओं से छेड़छाड़ और महंगी गाड़ियों पर गलत नंबर प्लेट लगाने की भी अलग-अलग एफआईआर दर्ज हैं।

पुलिस जांच में करोड़ों रुपये का लेनदेन उजागर
दक्षिण-पश्चिमी जिले के डीसीपी अमित गोयल ने मामले की जांच डीआईयू को सौंपी है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी और उसके ट्रस्ट के नाम पर 18 बैंक खाते और 28 फिक्स्ड डिपॉजिट हैं, जिनमें कुल मिलाकर लगभग 18 करोड़ रुपये पाए गए। पुलिस ने सभी खातों को सीज कर दिया है। अधिकांश रकम उस ट्रस्ट के जरिए जमा की गई थी, जिसके नाम पर संस्थान चलाया जा रहा था।

अब खुलेंगे और राज
गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि स्वामी चैतन्यानंद से पूछताछ में उसकी वित्तीय हेरफेर और अन्य गतिविधियों से जुड़े कई और राज सामने आएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here