दिल्ली के भाजपा नेताओं के खिलाफ पंजाब में एफआइआर दर्ज करने का पार्टी ने विरोध किया है। भाजपा ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) नेताओं के खिलाफ कोई भी कुछ बोलता है तो उसके घर पर पंजाब पुलिस भेज दी जाती है। शनिवार को दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल के घर पर पंजाब पुलिस पहुंची है।
उसके पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय मंत्री तेजिंदर पाल सिंह बग्गा के घर में पंजाब पुलिस गई थी। दोनों के खिलाफ पंजाब में मामले दर्ज किए गए हैं। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दिल्ली की आप सरकार की नीतियों और भ्रष्टाचार का इंटरनेट मीडिया पर पोल खोल रहे हैं।
देशविरोधी बातों और तुष्टिकरण के खिलाफ इंटरनेट पर आवाज उठाने वालों के खिलाफ आप पंजाब में एफआइआर दर्ज करा रही है। भाजपा इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। कार्यकर्ता इसके खिलाफ सड़क पर उतरेंगे। बिना दिल्ली पुलिस को बताए भाजपा नेताओं के घरों पर पंजाब पुलिस भेजना गैरकानूनी है।
पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहित अन्य आप नेता कई बार प्रधानमंत्री के बारे में अपशब्द बोलते रहे हैं। सत्ता का दुरुपयोग करने वाले आप नेताओं को मालूम होना चाहिए कि देश में आधे से ज्यादा राज्यों में भाजपा की सरकार है। आप नेताओं के खिलाफ भी दूसरे राज्यों में मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें पुलिस से उठवाया जा सकता है, लेकिन भाजपा इस तरह की घटिया राजनीति में विश्वास नहीं रखती है।