दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी सरकार ने राजधानी के प्रत्येक घर में 24 घंटे जल उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इस दिशा में काम तेजी से जारी है। इसी कड़ी में मुंडका और सोनिया विहार में भूमिगत जलाशय और बूस्टर पंपिंग स्टेशन बनाए गए हैं। दिल्ली के जल मंत्री एवं दिल्ली जल बोर्ड के अध्यक्ष सत्येंद्र जैन ने दोनों जलाशयों और बूस्टर पंपिंग स्टेशन का उद्घाटन कर दियाय है। इससे 8.45 लाख से ज्यादा लोगों को लाभ होगा। उन्होंने हर्ष विहार में सीवरेज पंपिंग स्टेशन का निर्माण कार्य भी शुरू कराया।
सत्येंद्र जैन के मुताबिक, दिल्ली के मुंडका इलाके में 2.95 करोड़ लीटर क्षमता का भूमिगत जलाशय बनाया गया है। इससे हिरण कूदना गांव, मुंडका गांव, टिकरी गांव, बाबा हरिदास नगर, लेख राम पार्क, नीलवाल गांव, राजधानी पार्क, गुलशन पार्क, नांगलोई जेजे कैंप नंबर दो, कविता कालोनी, स्वर्ण पार्क, बक्करवाला गांव, बक्करवाला आरएससी, लोक नायक पुरम आदि गांवों में जलापूर्ति होगी।

2.68 करोड़ लीटर क्षमता वाले सोनिया विहार भूमिगत जलाशय से उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर और मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्रों में जलापूर्ति की स्थिति बेहतर होगी। साथ ही शिव विहार, अंबिका विहार, जौहरीपुर, दयालपुर, सादतपुर, भगत सिंह कालोनी, जियाउद्दीन नगर, अंबेडकर नगर, भागीरथी विहार, नेहरू विहार आदि अनधिकृत कालोनियों के लगभग छह लाख लोगों को लाभ होगा।
मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि बूस्टर पंपिंग स्टेशन से पानी के दबाव की समस्या दूर होगी। हर्ष विहार में बनने वाले सीवेज पंपिंग स्टेशन से यमुना नदी में प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी। इससे गोकलपुर विधानसभा क्षेत्र की आठ अनधिकृत कालोनियों से उत्पन्न सीवेज को उपचार के लिए यमुना विहार सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में पहुंचाया जाएगा।