दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी के दावे ने दिल्ली में एक बार फिर से सियासी पारा बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि आप नेताओं को मैसेज आया है। जिसमें इंडिया गठबंधन छोड़ने को कहा गया है। गठबंधन करने पर गिरफ्तारी की धमकी दी गई है। दो दिन में सीबीआई का नोटिस आ सकता है। मुख्यमंत्री केजरीवाल की गिरफ्तारी की साजिश रची जा रही है। मंत्री आतिशी ने कहा कि भाजपा से कहना चाहते हैं कि अरविंद केजरीवाल और हम इनकी जेल भेजने की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। अगर ये ‘आप’ के सभी नेताओं और विधायकों को भी जेल में डाल देंगे तो आप का एक-एक कार्यकर्ता नेता के तौर पर खड़ा हो जाएगा और देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करेंगे।
आम आदमी पार्टी के एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें मंत्री आतिशी ने कहा कि लोकतंत्र जनता का शासन होता है। जनता को वोट देकर किसी भी पार्टी को चुनने का अधिकार होता है। किसी भी पार्टियों को गठबंधन करने का अधिकार है। आपको लगता है कि आप गिरफ्तार करने की धमकी देकर हमें डरा सकते हैं। हम डरने वालने नहीं है। आप चाहे जितनी धमकियां दे लीजिए, फांसी पर टांग दीजिए आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल डरने वाले नहीं हैं।