मोदी को सिर्फ अपना खजाना भरने की चिंता: राहुल

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से पेश की गई आर्थिक समीक्षा में देश की अर्थव्यवस्था के 8-8.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। इसे लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि देश की जनता टैक्स वसूली के बोझ से परेशान है जबकि मोदी सरकार के लिए ये टैक्स की कमाई एक बड़ी उपलब्धि है।

राहुल गांधी ने #EconomicSurvey2022 के साथ ट्वीट कर कहा, ”देश की जनता टैक्स वसूली के बोझ से परेशान है जबकि मोदी सरकार के लिए ये टैक्स की कमाई एक बड़ी उपलब्धि है। ये नज़रिए का अंतर है- उन्हें जनता का दर्द नहीं सिर्फ़ अपना ख़ज़ाना दिखता है।”

आर्थिक समीक्षा में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए सरकार के बजट से पहले अर्थव्यवस्था की स्थिति का ब्योरा दिया गया है। इसमें कहा गया है कि कर राजस्व में वृद्धि, अनुकूल राजकोषीय नीति से और वित्तीय समर्थन की गुंजाइश बढ़ी है। बजट से एक दिन पहले पेश की गयी समीक्षा में यह भी कहा गया है कि सकल कर राजस्व अप्रैल-नवंबर 2021 के दौरान 50 प्रतिशत बढ़ा है जबकि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह जुलाई, 2021 से लगातार एक लाख करोड़ रुपये के ऊपर बना हुआ है।

इससे पहले ट्विटर पर राहुल ने लिखा था, ‘जनता हताश है क्योंकि देश में टैक्स वसूली का राज है। राहुल गांधी ने एक न्यूज रिपोर्ट का भी जिक्र करते हुए बताया था कि एक सर्वे में 79 प्रतिशत लोग मानते हैं कि महामारी और महंगाई से परेशानी बढ़ी है और लोगों की आमदनी घटेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here