सिसोदिया ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की संभाली कमान, आप की बड़ी बैठक

मनीष सिसोदिया ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की संभाली कमान संभाल ली है। आज शाम छह बजे आम आदमी पार्टी नेताओं की बड़ी बैठक होगी। पार्टी के सभी बड़े नेता बैठक में शामिल होंगे। मनीष सिसोदिया के आवास पर बैठक होगी। सिसोदिया पार्टी के सभी बड़े नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर चर्चा करेंगे। 

सिसोदिया ने जेल से बाहर आने के बाद शनिवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था। कार्यकर्ताओं के संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का नाम आज पूरे देश में ईमानदारी का प्रतीक बन गया है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद एक राज्य में एक उदाहरण नहीं दे पाई। इसी छवि को बिगाड़ने के लिए ये सारे षडयंत्र रचे जा रहे हैं। जनता के दिलों के दरवाजे खुले हुए हैं। आप जेल के दरवाजे बंद कर सकते हैं लेकिन जनता के दिलों के दरवाजे बंद नहीं कर सकते हैं।

मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘बाबा साहेब अंबेडकर के दिए हुए संविधान की बदौलत हम पर कल भगवान की कृपा हुई। बाबा साहेब ने 75 साल पहले ही ये अंदाजा लगा लिया था कि कभी-कभी इस देश में ऐसा होगा कि तानाशाही बढ़ जाएगी। तानाशाह सरकार जब एजेंसियों, कानूनों और जेलों का दुरुपयोग करेगी तो हमें कौन बचाएगा? बाबा साहेब ने लिखा था संविधान बचाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने संविधान का इस्तेमाल करते हुए कल तानाशाही को कुचला। मैं उन वकीलों का भी शुक्रगुजार हूं जो यह लड़ाई लड़ रहे थे। वो वकील एक कोर्ट से दूसरे कोर्ट धक्के खा रहे हैं। मेरे लिए अभिषेक मनु सिंघवी भगवान स्वरूप हैं।’

उन्होंने कहा कि हमारे देश की बेटी विनेश ने दुनियाभर में हमारा मान बढ़ाया। वह जंतर-मंतर पर खड़े होकर कहती है कि भाजपा के सांसद ने हमें छेड़ा है तो केंद्र सरकार उस सांसद को गिरफ्तार तक नहीं करती। इसके उलट सोशल मीडिया पर उस बेटी को ट्रोल किया जाता है। यह तानाशाही नहीं है तो और क्या है? आज उस बेटी के साथ जो हुआ है, वह बहुत ग़लत हुआ है और सबको पता है कि यह किसने किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here