प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि पंडित जवाहर लाल नेहरू एक्सीडेंटल प्रधानमंत्री थे। डॉक्टर भीमराव आंबेडकर या सरदार बल्लभ भाई पटेल को प्रधानमंत्री बनाना चाहिए था। मनोहर लाल रविवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में संविधान गौरव व राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से पलटवार करते हुए कहा कि खुद मनोहर लाल एक्सीडेंटल मुख्यमंत्री रहे। बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।
मनोहर लाल ने कहा कि देश के आर्थिक विकास में भी डॉक्टर आंबेडकर की अहम भूमिका रही, वे देश के अग्रणी नेताओं में शामिल रहे। मैं तो यहां तक कहता हूं, जवाहर लाल नेहरू बीकेम द प्राइम मिनिस्टर बाई एक्सीडेंट, अगर उनकी जगह सरदार बल्लभ भाई पटेल या डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को आगे लाया जा सकता था। हालांकि यह उस समय का निर्णय था। किसी न किसी को तो बनना था। उधर, डी पार्क स्थित आवास पर जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस ने डॉक्टर आंबेडकर का कांग्रेस ने पूरा सम्मान किया। वे संविधान निर्माण सभा के चेयरमैन थे। उनकी संविधान बनाने में अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन का कोई मतलब नहीं है। कांग्रेस ने केवल संविधान में संशोधन किए थे, जबकि भाजपा संविधान को ही खत्म करना चाहती है। कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।
मनोहर लाल के पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं
हुड्डा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल 9 साल के करीब प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, लेकिन आज उनके पास बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। इसलिए कांग्रेस की आलोचना करते रहते हैं। ईवीएम को लेकर हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग की स्थिति कैसे है, सबको पता है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। एक सवाल के जवाब में हुड्डा ने कहा कि महागठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए हुआ था।
दिल्ली में भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं
दिल्ली में भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए बंगले को मुद्दा बनाया जा रहा है, जो सरकारी है। कांग्रेस दिल्ली चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। जबकि कानून व्यवस्था सही नहीं होगी, तब तक विकास नहीं होगा। पंजाब से ज्यादा मौत नशे के कारण हरियाणा में हो रही है। इस मौके पर रोहतक शहर से विधायक भारत भूषण बतरा व पूर्व सांसद शादीलाल बतरा भी मौजूद रहे।
फसलों के नुकसान की गिरदावरी करवाकर मुआवजा दे सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि बेमौसमी बारिश से गेहूं, सरसों और सब्जियों की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है। कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखी गई है। सरकार को जल्द इसका संज्ञान लेकर स्पेशल गिरदावरी करवा के मुआवजा देना चाहिए। उनसे कई गांवों के लोग आकर मिले हैं। आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता दल्लेवाल की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। लेकिन बीजेपी उनका संज्ञान तक लेने को तैयार नहीं है और न ही आंदोलनकारियों से बातचीत कर रही है। जबकि उसे बिना एक भी पल गवाए जल्द से जल्द किसानों की मांगों का समाधान करते हुए दल्लेवाल का अनशन खत्म करवाना चाहिए।