भाजपा द्वारा 1 अगस्त से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसी कड़ी में आज रविवार को भिवानी के बहल कस्बे से तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई। बहल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा 38 किलोमीटर का सफर तय करके लोहारू के स्वर्ण जयंती पार्क में खत्म होगी।
यात्रा अपने निर्धारित समय से 2 घंटा लेट शुरू हुई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ व मंत्री जेपी दलाल ट्रैक्टर पर सवार होकर यात्रा की अगुवाई कर रहे हैं। हालांकि किसानों ने तिरंगा यात्रा का विरोध नहीं करने की बात कही है, उनका शक्ति प्रदर्शन भी जारी रहेगा। तिरंगा यात्रा के समानांतर ही किसानों ने भी बहल में किसान महापंचायत बुलाई है।
भाजपा की गुगली में फंस गए किसान, भाजपा को दोनों तरफ फायदा
तिरंगा यात्रा से लग रहा है कि आंदोलन कर रहे किसान भाजपा की गुगली में फंस गए हैं। अगर यात्रा का विरोध होता तो भाजपा यह दिखाने की कोशिश करती कि किसान तिरंगे का विरोध कर रहे हैं। लेकिन विरोध नहीं हुआ तो 8 महीने के अंतराल में यह पहली बार होगा जब भाजपा कार्यक्रम करने में सफल हो गई है। फिलहाल दोनों ही तरफ भाजपा का पलड़ा भारी दिखाई दे रहा है।
किसानों को बदनाम करने की है साजिश
संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से जारी बयान में किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि किसानों को बदनाम करने के लिए भाजपा तिरंगा यात्रा कर रही है। ये किसानों को बदनाम करने के लिए रची गई भाजपा की एक साजिश है, इसलिए किसान मोर्चा ने फैसला लिया है कि तिरंगा यात्रा का विरोध नहीं किया जाएगा। लेकिन अगर यात्रा में कोई बड़ा भाजपा नेता शामिल होता है तो किसान विरोध करेंगे।