लड़कियों के पहनावे पर दिए बयान को लेकर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को मानहानि का नोटिस जारी किया गया है। तीन पेज का ये नोटिस शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष साक्षी शुक्ला डागा ने एडवोकेट सौरभ मिश्रा के माध्यम से दिया है। इधर, विजयवर्गीय ने अपने दिए बयान पर कहा कि विरोधी भी जानते हैं कि मेरा आशय क्या था। अपने उस बयान पर कोई नया बयान नहीं देना चाहता। विरोध करने वाले भी जानते हैं कि मेरा क्या आशय था। यह जवाब उन्होंने जबलपुर में सोमवार को दिया।
दरअसल, बुधवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजयवर्गीय ने लड़कियों के भद्दे पहनावे और नशा करने पर उन्हें शूर्पनखा जैसा बताया था। शुक्रवार को उनका ये वीडियो सामने आया था। जिसके बाद महिला कांग्रेस ने इंदौर से भोपाल तक उनके खिलाफ प्रदर्शन किया था।
तीन दिन में माफी मांगने को कहा
8 अप्रैल शनिवार को जारी तीन पेज के इस नोटिस में शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि लगातार नशे का कारोबार राजनीतिक संरक्षण में फल फूल रहा है। वैध-अवैध पब नियम-कायदे और कानून को ताक पर रखकर चल रहे हैं। इन्हें कोई रोकने वाला नहीं है। पुलिस प्रशासन नतमस्तक हैं और वे महिलाओं पर आरोप लगा रहे हैं। नोटिस में तीन दिन में इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से माफी मांगकर खेद व्यक्त करने को कहा गया है। अन्यथा अभियोजन की कार्यवाही की जाएगी।
कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को इंदौर के महावीर बाग में एक कार्यक्रम में गए थे। यहां उन्होंने कहा था कि ‘मैं आज भी जब निकलता हूं, पढ़े-लिखे नौजवानों, बच्चों को झूमते हुए देखता हूं तो सच में ऐसी इच्छा होती है कि पांच-सात ऐसी दूं कि उनका नशा उतर जाए। सच कह रहा हूं, भगवान की कसम।
हनुमान जयंती पर झूठ नहीं बोलूंगा। लड़कियां भी इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि… अपन महिलाओं को देवी बोलते हैं। उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता। बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं। सच में अच्छा सुंदर भगवान ने शरीर दिया है। जरा अच्छा कपड़ा पहनो यार। बच्चों में आप संस्कार डालिए। मैं बहुत चिंतित हूं।
कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद उनके विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय ने पिता के बयान का समर्थन किया है। आकाश ने विरोध कर रहे कांग्रेसियों को ही सवालों के कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय हमेशा धर्म संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। सभी युवतियां सभ्यता के साथ कपड़े पहनें और नशे व अन्य बुराइयों से दूर रहें, यही संदेश कार्यक्रम में देना चाह रहे थे। युवतियों के भद्दे कपड़े पहने जाने को लेकर वे बहुत चिंतित हैं। उनकी योजना है कि इसे कंट्रोल किया जाना चाहिए।
आकाश ने कहा कि इंदौर के नाइट कल्चर में नशे में धुत युवक युवतियों के वीडियो वायरल होते हैं। इन सब गतिविधियों को नाइट कल्चर की वजह से बढ़ावा मिल रहा है। इंदौर में बढ़ रहे नाइट कल्चर को लेकर वे मुख्यमंत्री और पुलिस अधिकारियों से नियमित संपर्क में हैं। हनुमान चालीसा क्लब भी बनाने पर विचार किया जा रहा है