अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर दिल्ली के लिए निकल पड़े पंजाब के किसान, हरियाणा पुलिस ने दोनों राज्यों की सीमा पर लगाए बैरिकेड्स

  • केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि विधेयक के खिलाफ किसान सड़कों पर उतर आए हैं
  • राज्य के किसान पंजाब यूथ कांग्रेस के नेतृत्व में ट्रैक्टरों से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं

केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि विधेयक के खिलाफ किसान सड़कों पर उतर आए हैं। रविवार को पंजाब के किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। पंजाब युवा कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदेश के हजारों किसान दिल्ली के लिए निकले हैं। हालांकि हरियाणा पुलिस ने राज्य में किसानों को प्रवेश नहीं करने देने के लिए बैरिकेड लगा रखे हैं।

ट्रैक्टर रैली में नवांशहर जिले के बलाचौर हलके से 50 ट्रैक्टरों का काफिला शामिल हुआ। इसे हलके के विधायक चौधरी दर्शन लाल मंगूपुर ने रवाना किया। पंजाब के यूथ कांग्रेस प्रधान वरिंदर ढिल्लों, नवांशहर के जिला प्रधान हीरा खेपड़ और अन्य ने कहा कि जब तक किसान विरोधी विधेयक वापस नहीं हो जाते, तब तक किसानों के कंधे से कंधा मिलाकर विरोध किया जाएगा।

जीरकपुर में चंडीगढ़-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। ट्रैक्टर रैली जीरकपुर में डिकैथलॉन की पुरानी साइट से शुरू होकर अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे से होती हुई दिल्ली के लिए कूच कर रही थी। दूसरी ओर, इस दौरान हरियाणा में प्रवेश नहीं करने देने के लिए हरियाणा पुलिस ने बॉर्डर बैरिकेड्स लगा दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here