फिरोजपुर में कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग: युवक की मौत, दो घायल

पंजाब के फिरोजपुर में बुधवार दिनदहाड़े गोलियों की गूंज से शहर में सनसनी फैल गई। यहां पुरानी रंजिश को लेकर दोपहर बाद 3:30 बजे कुछ हमलावरों ने एक गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां दागीं। इस घटना में कार सवार युवक की मौत हुई है। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

बुधवार दोपहर बाद फिरोजपुर -फाजिल्का राजमार्ग स्थित गांव लेली वाला के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने चलती कार पर ताबड़तोड़ गोलियां दागीं। इस वारदात में भतीजे के तीन गोलियां लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चाचा व उसका बेटा जख्मी हो गए। दोनों घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। ये लोग अदालत में पेशी भुगत कर अपने घर लौट रहे थे। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंच शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक महिंदर पाल पुत्र इकबाल सिंह, रोहित पुत्र महिंदर पाल, महिंदर का भतीजा लवप्रीत उर्फ आकाश व एक अन्य व्यक्ति वासी नारंगके सियाल की अदालत में पेशी थी। ये लोग अदालत में पेशी भुगत कर कार में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही फिरोजपुर -फाजिल्का राजमार्ग स्थित गांव लेली वाला (नारंग के सियाल) के पास पहुंचे कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इनकी कार पर एकाएक फायरिंग कर दी।

लवप्रीत कार ड्राइव कर रहा था। लवप्रीत ने आरोपियों से बचने के लिए कार की रफ्तार बढ़ाई। लवप्रीत के तीन गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर कर पेड़ से टकरा गई। इस वारदात में महिंदर व उसका बेटा रोहित गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दोनों को जख्मी हालत में स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थाना सदर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी फरार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here