जिले के राशमी थाने पर तैनात एक पुलिस कांस्टेबल पर बिना वजह परेशान करने का आरोप लगाकर एक युवक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। पीड़ित युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। बाद में परिजन भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और शिकायत की है।
युवक ट्रैक्टर चालक है। आरोप है कि उसके वाहन को पुलिस के गलत तरीके से पकड़ा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि यह व्यक्ति अवैध रूप से बजरी परिवहन कर रहा था। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर मय ट्रॉली के छोड़कर भाग गया था।
जानकारी में सामने आया कि जिले के राशमी निवासी बंशीलाल माली ने पुलिस कांस्टेबल पर परेशान करने का आरोप लगाकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसकी तबीयत बिगड़ी तो जिला चिकित्सालय लेकर आए, जहां से चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया। यहां जिला चिकित्सालय में भर्ती कर लिया गया। यहां बंशीलाल माली ने बताया कि वह ट्रैक्टर चालक है।
करीब 15 दिन पहले राशमी थाने का कांस्टेबल आया और उसके ट्रैक्टर को खुद कर ही चला कर ले गया था। बंशी माली ने बताया कि उसी दिन कांस्टेबल को रुपये भी दिए, लेकिन उसने ट्रैक्टर नहीं छोड़ा। फिर एक दिन पहले ही कांस्टेबल ने बंद करने की धमकी दी थी। इसके बाद खेत पर जाकर बंशीलाल माली ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
बंशीलाल माली फिलहाल जिला चिकित्सालय पर भर्ती होकर उपचार जारी है। युवक बंशीलाल माली का सोशल मीडिया पर भी वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उसने पुलिस कांस्टेबल द्वारा परेशान करने की बात कह रहा है। बंशी के भाई ने बताया कि कांस्टेबल हफ्ता वसूली करता है। इसको लेकर आए दिन उन्हें परेशान करता हैं।
इधर, इस मामले में राशमी थाने पुलिस कांस्टेबल अर्जुन रेगर ने बताया कि यह युवक पुलिस पर दबाव बनाना चाह रहा हैं। नदी में ट्रैक्टर ट्रॉली में रेत भर रहा था। पुलिस को देख ट्रैक्टर ट्रॉली में भरी बजरी को नदी में ही खाली कर रास्ते मे ट्रैक्टर सहित छोड़ कर भाग गया था। खाली ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस थाने लाया गया और माईनिंग विभाग को इस बारे में सूचित किया गया। करीब 15 दिन पहले की बात हैं। अब युवक पुलिस पर बिना वजह दबाव बना रहा हैं। पुलिस ने नियमानुसार कार्यवाही की हैं।