करौली हिंसा और राजगढ़ में मंदिर तोड़ने को लेकर घिरी गहलोत सरकार फिर भाजपा के निशाने पर आई गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर आयोजित इफ्तार पार्टी में छबड़ा दंगा का मुख्य आरोपी शामिल हुआ। इफ्तार पार्टी में शामिल आरोपी की फोटो मंत्रियों और नेताओं के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिसके बाद भाजपा कांग्रेस पर हमलावार हो गई है।
छबड़ा के भाजपा के विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने इसको लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि क्यों एक दंगाई मुख्यमंत्री की आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुआ, इसकी जांच की जानी चाहिए। भाजपा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी ने कहा कि विडंबना है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के राजकीय आवास पर सांप्रदायिक दंगों के आरोपित की मेजमानी की जा रही है! क्या इसके पीछे तुष्टिकरण से निकले वोट हैं? कांग्रेस की ऐसी सोच निहायत शर्मनाक और बहुसंख्यक समाज के लिए अपमानजनक है। जनता सब देख रही है, समय आने पर सारा हिसाब होगा।
