यूपी में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3665 नए मामले, राज्य में 47,823 एक्टिव केस

उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरे दिन कोरोना वायरस संक्रमण के 4000 से कम नए मामले सामने आए हैं। आज 3665 लोगों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। शुक्रवार को प्रदेश में 46 दिन के बाद 4000 से कम 3946 मामले दर्ज हुए थे। प्रदेश में आज कुल 4860 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हुए हैं और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोविड-19 की चपेट में आकर कुल 60 लोगों की मौत हुई है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि 3665 नए मामलों के साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या अब 4 लाख 10 हजार 626 हो गई है। इसमें से 3 लाख 56 हजार 826 लोग इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट अब बढ़कर 86.89 प्रतिशत हो गया है। उत्तर प्रदेश में कोरोना के कारण 60 लोगों की मौत के साथ ही मृतकों की कुल संख्या अब 5977 हो गई है।

अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि राज्य में फिलहाल कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या अब घटकर के 47 हजार 823 रह गई है। पिछले कुछ दिनों में सक्रिय मामलों में काफी गिरावट दर्ज की गई है। एक्टिव केस में से 22 हजार 329 लोग होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करा रहे हैं। बाकी के लोग अलग-अलग अस्पतालों में इलाजरत हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल 2 लाख 22 हजार 297 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प चुना है।

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग ठीक हो रहे हैं। पॉजिटिविटी रेट में भी कमी दर्ज की गई है, बावजूद इसके हम अपनी टेस्टिंग क्षमता को कम नहीं कर रहे हैं। अभी भी प्रतिदिन 1.50 से अधिक टेस्टिंग की जा रही है। बीते 24 घंटे में भी प्रदेश में 1 लाख 53 हजार 533 कोरोना सैंपल्स की जांच की गई है। इस तरह राज्य में अभी तक 1 करोड़ 05 लाख 79 हजार 701 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here