पैगंबर मोहम्मद पर दिए बयान को लेकर मुस्लिम समाज लगातार बीजेपी प्रवक्ता रहीं नूपुर शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद यूपी के कई शहरों में जमकर हंगामा हुआ। सहारनपुर में नमाजियों ने सड़क जाम कर दिया। इस दौरान जबरन दुकानों को बंद कराने को लेकर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की। वहीं, प्रयागराज में लोगों ने खूब पत्थर चलाए। प्रदर्शनकारियों ने ADG की गाड़ी पर पत्थरबाजी की तो जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में कुछ पुलिस और मीडियाकर्मी भी चोटिल हो गए। यहां हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। मुरादाबाद में भी प्रदर्शन की खबर है। लखनऊ स्थित टीले वाली मस्जिद पर भी लोगों ने नारेबाजी की। इससे पहले दिल्ली की जामा मस्जिद पर मुस्लिम समाज सड़क पर उतर आया
सहारनपुर में दोपहर एक बजे शहर की प्रमुख जामा मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हुए। फिर जामा मस्जिद से घंटाघर की ओर जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए निकल पड़े। घंटाघर पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी नमाजियों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए उन्हें वहां से हटा दिया। लाठीचार्ज के बाद प्रदर्शनकारियों में भगदड़ मच गई।