आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद सोमवार को अयोध्या पहुंच गए। उन्होंने हाईवे स्थित एक होटल में विश्राम किया। सीएम केजरीवाल आज शाम 6:00 बजे सरयू आरती में शामिल हुए। उन्होंने ट्वीट किया कि भगवान श्रीराम जी की नगरी अयोध्या में मां सरयू आरती में शामिल होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
अरविंद केजरीवाल कल सुबह यानी मंगलवार को हनुमानगढ़ी व रामलला का दर्शन और पूजन करेंगे। मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया है। राज्यसभा सांसद संजय सिंह व प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह साथ में मौजूद हैं।
रामराज्य की संकल्पना पर सरकार को चलाने की बात
सोमवार सुबह सीएम केजरीवाल लखनऊ पहुंचे थे। इसके बाद अयोध्या आए हैं। उत्तराखंड व गोवा की तरह वे उत्तर प्रदेश में भी चुनावी वायदे कर सकते हैं। संभव है कि अयोध्या की धरती से वह रामराज्य की अपनी संकल्पना पर चर्चा करें। कई मौकों पर खुद को हनुमान जी का भक्त बताते हुए केजरीवाल ने रामराज्य की संकल्पना पर अपनी सरकार को चलाने की बात कही है। इसके अलावा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के रूट मैप में भी अयोध्या को शामिल किया है। हालांकि, कोरोना की वजह से अभी योजना स्थगित है।
बिजली, पानी, शिक्षा से जुड़े कर सकते हैं वायदे
दिलचस्प यह कि यूपी चुनावों के लिए अपना जनाधार मजबूत करने के लिए सांसद संजय सिंह लगातार जोर आजमाइश कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी यूपी के कई दौरे किए हैं। वहीं, दिल्ली के विधायक भी यूपी की गलियों में चक्कर काट रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली के मुख्यमंत्री के अयोध्या दौरे का अहम माना जा रहा है। उत्तराखंड और गोवा की तरह केजरीवाल अयोध्या से भी बिजली, पानी, शिक्षा आदि से जुड़े वायदे कर सकते हैं। वहीं, अयोध्या से वह रामराज्य की आप की संकल्पना पर भी चर्चा हो सकती है। इसके सहारे वह यूपी की भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशश कर सकते हैं।
दिल्ली में रामराज्य लाने की कही है बात
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में रामराज्य लाने की बात कही है। बीते मार्च में केजरीवाल ने कहा था कि प्रभु श्रीराम हम सबके आराध्य हैं। वो अयोध्या के राजा थे, उनके शासनकाल में सब अच्छा था। सब सुखी थे हर सुविधा थी। इसे रामराज्य कहा गया। रामराज्य एक अवधारणा है। वो भगवान हैं हम उनसे तुलना तक नहीं कर सकते। लेकिन उनसे प्रेरणा लेकर हम अगर एक सार्थक कोशिश भी कर सकें तो हमारा जीवन धन्य हो जाएगा। इसके लिए उन्होंने दस बिंदुओं का जिक्र किया है, जिसे पाने की कोशिश आप सरकार करेंगे।