कैबिनेट मंत्री योगेंद्र के स्वागत में लगे तीन घंटे जाम से यात्री हुए परेशान

प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार आगरा पहुंचे विधायक योगेंद्र उपाध्याय के स्वागत में रविवार को जन सैलाब उमड़ा। वॉटर वर्क्स से एमजी रोड तक 30 से अधिक स्थानों पर उनके स्वागत में ढोल नगाड़े बजे व पुष्प वर्षा की गई। वॉटर वर्क्स पर भाजपाइयों ने बुलडोजर की झांकी सजाई।

कैबिनेट मंत्री के स्वागत में उमड़े जनसैलाब के कारण शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक रामबाग से लेकर वॉटर वर्क्स होते हुए जीवनी मंडी तक सड़क जाम रही। तीन घंटे तक बस, ट्रक व अन्य वाहन फंसे रहे। गर्मी में राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रात 10 बजे के बाद यातायात सुचारू हो सका।

जाम में एक हजार से अधिक वाहन फंसे

शाम छह बजे ट्रांस यमुना से ही कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का काफिला शुरू हो गया था। रामबाग तक एक काफिले में एक हजार से अधिक कार व अन्य वाहनों से हाईवे जाम हो गया। वॉटर वर्क्स चौराहा पर बुलडोजर की झांकी सजाई गई थी। इस दौरान वॉटर वर्क्स पर भीषण जाम लगा रहा। रोडवेज बस, ऑटो व अन्य यात्री सवार वाहन फंसे रहे।

यहां से काफिला जीवनी मंडी की तरफ मुड़ा तो वाहन रेंग भी नहीं पाए। बेलनगंज, धुलियागंज, घटिया चौराहा होते हुए काफिला राजामंडी चौराहा पहुंचा, तो एमजी रोड पर जाम लग गया। नालबंद तक वाहनों की कतार लग गई। धाकरान चौराहा होते हुए रात 10 बजे नार्थ ईदगाह कॉलौनी तक काफिले के दौरान लोग जाम से जूझते रहे।

लगातार तीसरी बार जीते, बने मंत्री                    

आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीते योगेंद्र उपाध्याय को आदित्यनाथ योगी मंत्रिमंडल में उच्च शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिक विभाग का कैबिनेट मंत्री बने हैं। मंत्री बनने के बाद लखनऊ से रविवार शाम छह बजे योगेंद्र उपाध्याय आगरा लौटे। उनके आगमन को लेकर भाजपाइयों ने सुबह से ही जबरदस्त तैयारियां की। 

शहर को होर्डिंग बैनर से पाटा 

पूरे शहर को होर्डिंग बैनर से पाट दिया। 52 स्थानों पर स्वागत मंच बने। जय श्रीराम और भारत माता के नारों के साथ बुलडोजर बाबा के जयकारे लगे। आगरा कॉलेज के पास उनके स्वागत में वृंदावन से आए कलाकारों ने मयूर व चरकुला की प्रस्तुति हुई। इस दौरान गरीबों को वस्त्र व अन्य उपहार बांटे गए। भाजपा महानगर मंत्री भुवन भूषण शर्मा ने वॉटर वर्क्स पर पट्टिका पहनाकर स्वागत किया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here