आगरा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द 27 जून को वृंदावन आ रहे हैं। वह 2 घंटे 30 मिनट तक ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी में रहेंगे। राष्ट्रपति ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के साथ ही कृष्णा कुटीर में निराश्रित माताओं से भी मुलाकात करेंगे। शुक्रवार को राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी हो गया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द 27 जून की सुबह 8.30 बजे राष्ट्रपति भवन से चलेंगे और पालन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वह 9.45 बजे वृंदावन में कृष्णाकुटीर के सामने बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। 10.15 बजे राष्ट्रपति ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन को जाएंगे। दर्शन के लिए बांकेबिहारी मंदिर के बाहर वीआइपी पार्किंग तक कार का काफिला जाएगा। यहां से मंदिर तक गोल्फ कार्ट की व्यवस्था की जा रही है। करीब आधा घंटा मंदिर में रुकने के बाद वह 10.45 बजे कृष्णा कुटीर के लिए प्रस्थान करेंगे।
कृष्णा कुटी में करेंगे स्वल्पाहार
10.55 बजे राष्ट्रपति कृष्णाकुटीर पहुंचेंगे। यहां स्वल्पाहार करेंगे। 10.55 से 11.55 तक वह कृष्णा कुटीर में रहेंगे। यहां वह माताओं से मुलाकात करने के साथ ही उनके द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट के काम भी देखेंगे। सवा 12 बजे महामहिम दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। महामहिम के साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे। राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी होने के बाद अफसरों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
आश्रय सदन की महिलाओं से संवाद
आश्रय सदन में राष्ट्रपति निराश्रित माताओं को संबोधित करने के साथ चयनित 15 माताओं के साथ संवाद कर सदन में मिल रहीं सुविधाओं की जानकारी लेंगे। सदन में चल रहे प्रोजेक्टों में सहभागिता कर रहीं माताएं अपने हुनर का प्रदर्शन राष्ट्रपति के सामने करेंगी। राष्ट्रपति आश्रय सदनों की 700 माताओं को संबोधित करेंगे।
इनमें से चयनित 15 माताओं के साथ संवाद कर सदन में मिल रहीं सुविधाओं और सरकारी सहूलियत, स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेंगे। सदन के पांच प्रोजेक्ट का संचालन कर रहीं माताएं अपने हुनर का प्रदर्शन राष्ट्रपति के समक्ष करेंगी।