आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा जॉब क्रिएटर बनें। यूपी में इसकी अपार संभावनाएं हैं। जल्द ही प्रदेश वन ट्रिलियन इकोनॉमी वाला प्रदेश बनेगा। कृषि के साथ सनातन, ज्ञान व परंपरा की भूमि उप्र है।
निवेश को बढ़ावा देने व निवेश के प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा रहा है। निवेश को बढ़ावा देने को लेकर यहां कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया है। इसमें देशभर के यूनिकॉर्न कंपनी के लोग विचारों का आदान-प्रदान कर रहे हैं। कोई भी यूनिकॉर्न कंपनी बिना निवेशकों के आगे नहीं बढ़ती है।
योगी ने कहा कि दुनिया में अपने नवाचार से डिजिटल अर्थव्यवस्था यूनिकॉर्न लोहा मनवा चुके हैं। रविवार को यूनिकॉर्न कॉन्क्लेव में उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बढ़ाया जा रहा है। सिटी बसों से लेकर रोडवेज के बेड़े का यह हिस्सा बन चुकी हैं।
आगरा पहुंचे सीएम योगी
यूनिकॉर्न कंपनीज की ओर से रविवार को होटल अमर विलास में कॉन्क्लेव आयोजित किया गया। इसमें देश भर के 100 से अधिक स्टार्टअप शुरू करने वाले उद्यमी शामिल हुए।
कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विचारों की परंपरा प्राचीन काल से है। रामायण की रचना से पहले उनके मन में श्लोक आ रहा था। वे नारद जी के पास गए। तब नारद जी ने भगवान श्रीराम को आधार रखने की सलाह दी। महर्षि ने ऐसा करके ही रामायण की रचना की। स्टार्टअप की संस्कृति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नया आयाम दिया है।पहले सिस्टम के प्रति विश्वास नहीं था, लेकिन अब विश्वास पैदा हुआ। पीएम ने स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया की भावना को आगे बढ़ाया। प्रदेश में 14 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं। सात हजार ऐसे हैं, जो महिलाओं के हैं। इन्होंने जीवन के अलग- अलग फील्ड में कुछ नया करके दिखाया है।
गन्ना उत्पादन में यूपी पहले स्थान पर- योगी
उप्र जैसे राज्य में फिजिक्स वाला यूनिकॉर्न बन गया। इलेक्ट्रिक बसें सभी शहरों चालू की जा रही हैं। गोरखपुर में पांच से 40 बसें की गईं। इलेक्ट्रिक बस बनाने वालों के लिए अनुदान देने की पॉलिसी बनाई गई है। अकेले यूपी को डेढ़ लाख बसें चाहिए। जो भी आएगा उसके सामने यूपी का इतना बड़ा मार्केट है। यहां बहुत डिमांड और नई- नई संभावनाएं हैं।
कहा कि खाद्यान्न और गन्ना उत्पादन में उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है। इसे फूड प्रोसेसिंग और निर्यात से जोड़ दें तो तीन गुना हाे सकती है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने महाकुंभ का उदाहरण देते हुए कहा कि खोया-पाया के माध्यम से हमारे युवाओं ने 28 हजार लोगों को घर वालों से मिलाया है।
सीएम योगी ने कांग्रेस पर किया हमला
कांग्रेस अध्यक्ष कहते हैं कि हजारों लोग मारे गए। उनकी दृष्टि ऐसी है। यह तकनीकी का ही परिणाम है। यदि तकनीक नहीं होती तो शायद न हो पाता। मुख्यमंत्री ने उदाहरण दिया कि एक व्यक्ति प्रयागराज में अपने घर से संगम स्नान करने निकले थे। अचानक रात में घटना घटित होती है। वे काफी दिन तक घर नहीं पहुंचे तो लोगों ने समझ लिया कि उनकी मृत्यु हो गई। तेरहवीं की व्यवस्था कर ली। उसी दिन वह ई- रिक्शा से घर पहुंच गए और बताया कि कुंभ में भंडारा में खाना खाकर रहते रहे।