अखिलेश यादव के जीजा अनुजेश यादव की दो टूक, इस लड़ाई में फूफा, न कोई भतीजा

भाजपा से टिकट घोषित होते ही प्रत्याशी अनुजेश यादव अपने गांव भारौल से सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि करहल विधानसभा की लड़ाई फूफा और भतीजा नहीं भाजपा और सपा की लड़ाई है। इसमें भाजपा की जीत होगी। 

बृहस्पतिवार की सुबह करीब 11 बजे से भाजपा ने करहल विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। भाजपा ने फिरोजाबाद जनपद के भारौल निवासी पूर्व विधायक उर्मिला यादव के पुत्र और सपा प्रत्याशी तेज प्रताप यादव के फूफा अनुजेश यादव को करहल उपचुनाव में प्रत्याशी घोषित किया है। अपने नाम की घोषणा होने के बाद अनुजेश यादव मैनपुरी स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चुनाव की तैयारियों पर रणनीति बनाई। 

जनता भाजपा को दिलाएगी जीत- अनुजेश 
पत्रकारों ने जब उनसे सवाल किया कि करहल उपचुनाव में फूफा और भतीजा आमने-सामने हैं आखिर जीत किसकी होगी। इस पर अनुजेश यादव ने कहा कि करहल की लड़ाई फूफा और भतीजा नहीं भाजपा और सपा की लड़ाई है। इसमें जनता भाजपा को जीत दिलाएगी। जब उनसे कहा गया कि चुनाव लड़ने से उनकी रिश्तेदारी में खटास आएगी तो उन्होंने कहा कि चाचा शिवपाल भी पहले अलग पार्टी बनाकर लड़ चुके हैं। 

ये रहे मौजूद 
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान, भाजपा ब्रज क्षेत्र के उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान, अजय पाल सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here