सीतापुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां मंगलवार को करीब दो साल बाद सीतापुर जेल से रिहा हो गए। रिहाई के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हर झूठ की एक मियाद होती है और साज़िशों का भी अंत होता है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी बयान में कहा कि आजम खां की रिहाई उनके, उनके परिवार और उन सभी के लिए राहत और खुशी का अवसर है, जो न्याय में विश्वास रखते हैं। उन्होंने अदालत का धन्यवाद करते हुए कहा कि इससे न्याय में भरोसा कायम रहता है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को सामाजिक सौहार्द और समाज के प्रतीक व्यक्ति कभी पसंद नहीं आते। उन्होंने आगे कहा कि आजम खां फिर से उन सभी उपेक्षित, पीड़ित और असहाय लोगों के साथ खड़े होंगे, जिन पर भाजपा और उसके सहयोगियों द्वारा अन्याय किया जा रहा है। अखिलेश ने आश्वस्त किया कि आजम खां समाजवादी मूल्यों के साथ सामाजिक न्याय के संघर्ष में अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे।
आजम खां की रिहाई के बाद वे सीधे रामपुर के लिए रवाना हुए, जहां उनका स्वागत उनके समर्थकों ने किया।