मुरादाबाद में अखिलेश यादव की जनसभा आज, आजम खां के परिजनों से भी करेंगे मुलाकात

उत्तर प्रदेश में उपचुनावों का माहौल गरमाता जा रहा है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी मोहम्मद रिजवान के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि पार्टी द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।अखिलेश यादव का यह कार्यक्रम खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा के सभा के बाद सपा की बड़ी रैली होने जा रही है। सपा ने यहां जीत हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। अखिलेश की इस जनसभा से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।

अखिलेश यादव दोपहर 12:30 बजे कुंदरकी मार्ग पर स्थित बिस्किट फैक्टरी के पास सभा स्थल पर पहुंचेंगे। यहां वह करीब डेढ़ घंटे तक मंच पर रहेंगे और जनता के साथ सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

आजम खां के घर जाएंगे अखिलेश

कुंदरकी की सभा के बाद अखिलेश यादव रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां के परिवार से मिलने के लिए भी जाएंगे। सभा के बाद वह जौहर यूनिवर्सिटी के हेलीपैड पर उतरेंगे और वहां से कार द्वारा जेल रोड स्थित आजम खां के आवास पर जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि सपा नेता आजम खां पिछले एक साल से सीतापुर जेल में बंद हैं, जबकि उनके बेटे अब्दुल्ला आजम हरदोई जेल में कैद हैं। अखिलेश यादव रामपुर में आजम खां के परिवार से करीब 45 मिनट तक मुलाकात करेंगे। आजम खां की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा को हाईकोर्ट से राहत मिली हैं। इन दिनों वह रामपुर में हैं।

प्रशासन ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अखिलेश यादव के कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने बताया कि जनसभा के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुरादाबाद और रामपुर पुलिस ने कार्यक्रम में कई कर्मियों की ड्यूटी लगाई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here