अयोध्या दीपोत्सव 2025: 1251 अर्चक करेंगे सरयू की महाआरती, 26 लाख दीयों से बनेगा नया विश्व रिकॉर्ड

अयोध्या। इस वर्ष के दीपोत्सव पर 1251 अर्चक एक साथ सरयू नदी की महाआरती कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें कि 2024 के दीपोत्सव में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद 1100 अर्चकों ने एक साथ सरयू की महाआरती कर विश्व कीर्तिमान बनाया था।

19 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस दीपोत्सव में राम की पैड़ी के घाटों पर 26 लाख दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। सरयू के तट पर प्रतिदिन आयोजित होने वाली 5100 बत्ती की महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक शामिल होते हैं। दीपोत्सव में कई विशिष्ट अतिथि भी शामिल होते हैं।

मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग और अन्य एजेंसियों से चर्चा के बाद इस वर्ष महाआरती के लिए घाटों का क्षेत्र बढ़ाया जाएगा। इससे पहले इतनी संख्या में साधु-संतों द्वारा सामूहिक आरती नहीं की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य गणमान्य अतिथि भी इस महाआरती में भाग लेंगे। इस प्रयास के साथ दीपोत्सव अपने पिछले रिकॉर्ड को भी तोड़ेगा और नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here