बरेली में सावन के तीसरे सोमवार से पहले माहौल खराब करने की कोशिश की गई। वनखंडी नाथ मंदिर के पास रविवार दोपहर को अराजकतत्वों ने कांवड़ियों पर पथराव कर दिया, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया है। घटना से कांवड़ियों में आक्रोश है। इलाके में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
50-60 लोगों ने किया पथराव
बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा स्थित वनखंडी नाथ मंदिर शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों में से एक है। यहां सावन के हर सोमवार को हजारों की संख्या में कांवड़िये पहुंचते हैं। तीसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों के जत्थे पहुंचने शुरू हो गए। रविवार को कांवड़ियों का जत्था वनखंडी नाथ मंदिर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान 50-60 लोगों की भीड़ ने कांवड़ियों पर पथराव कर दिया।

पथराव से अफरातफरी मच गई। कांवड़ियों का जत्था रुक गया। घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने के बाद फोर्स के साथ पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं घटना से कांवड़ियों में आक्रोश है। वे आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

रात में आंवला के मनौना में हुआ था हंगामा
शनिवार रात आंवला क्षेत्र के मनौना गांव में कांवड़ियों का रास्ता रोके जाने पर आठ घंटे तक हंगामा हुआ था। आरोप है कि देर शाम दूसरे समुदाय के लोगों ने गंगा जल लेने कछला घाट जा रहे कांवड़ियों का रास्ता रोक दिया था। इसके बाद कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया। माहौल तनावपूर्ण होने पर आसपास के थानों से भी फोर्स को बुला लिया गया। रात करीब 2:30 बजे कांवड़ियों का जत्था निकालकर गांव की सीमा से बाहर कराया था।