बरेली में एसटीएफ ने अफीम तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की एक महिला और युवक गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से छह किलो 80 ग्राम अफीम बरामद हुई है। महिला शांति कुमारी झारखंड के हजारीबाग जिले की रहने वाली है, जबकि युवक राहुल सिरौली के अंजनी गांव का रहने वाला है। महिला झारखंड से अफीम लाकर अपने साथी के साथ मिलकर बरेली, आसपास के जनपदों और उत्तराखंड में सप्लाई करती थी। एसटीएफ को इनपुट मिला था कि उक्त महिला उत्तराखंड रोडवेज की बस में अफीम लेकर आ रही थी।
इस पर एसटीएफ ने फरीदपुर थाना पुलिस को साथ लेकर शाहजहांपुर-बरेली हाईवे पर सरकड़ा मोड के पास तय बस को रुकवा लिया। बस में सवार झारखंड की महिला के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें छह किलो 80 ग्राम अफीम बरामद हुई। एसटीएफ ने महिला को हिरासत में ले लिया और बस को रवाना कर दिया। आरोपी महिला को लेकर टीम फरीदपुर थाने पहुंची। यहां उससे पूछताछ की गई। उसने अंजनी गांव निवासी राहुल का नाम लिया। इस पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध फरीदपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।