लखनऊ। यूपी चुनाव की घोषणा हो चुकी है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल चुनाव जीतने के लिए कमर कस चुके हैं। वहीं ग्लैमर की दुनिया में अपना मुकाम बना चुके सितारे भी राजनीति में कूद रहे हैं। इसी कड़ी में भोजपुरी फिल्मों की सुपरस्टार रानी चटर्जी कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। भोजपुरी फिल्मों में अपने अभिनय से लोगों को मंत्रमुग्ध करने वाली रानी चटर्जी ने इंस्टाग्राम पर इसकी जानकारी अपने प्रशंसकों को दी है।
रानी ने प्रियंका गांधी के साथ शेयर की फोटो
रानी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ अपनी फोटो शेयर की है। इसमें उनके साथ मुंबई कांग्रेस के युवा नेता सूरज सिंह ठाकुर भी खड़े नजर आ रहे हैं। सूरज सिंह भोजपूरी फिल्म एक्ट्रेस के दोस्त बताए जा रहे हैं। फोटो में रानी चटर्जी काफी खुश दिखाई दे रही हैं। वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी मंद मंद मुस्काती हुई दिखाई दे रही हैं।
प्रियंका गांधी का किया शुक्रिया
इस मौके पर रानी ने प्रियंका गांधी का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने कांग्रेस के प्रचार लड़की हूं लड़ सकती हूं का प्रचार भी किया है। उन्होंने फोटो के साथ एक कैप्शन लिखा है और इसमें लिखा है कि एक और लड़की लड़ने को तैयार है। उन्होंने लिखा कि आज प्रियंका गांधी जी से दिल्ली में मेरी मुलाकात हुई है। मैं आज से एक नया अध्याय शुरू कर रही हूं।
बता दें कि रानी चटर्जी भोजपुरी फिल्मों का एक जाना माना नाम हैं। उनकी जबरदस्त फैन फालोइंग है। फैंन को उनके कदम की जैसे ही जानकारी मिली उन्हें बधाइयों का तांता मिलने लगा। लोग उन्हें गुड लक कह रहे हैं।