बिजनौर। जिले में दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। वर्षा के चलते अलग-अलग स्थानों पर आठ मकान ढह गए, जिनमें मलबे में दबकर करीब 20 लोग घायल हो गए, जबकि जंदरपुर गांव में एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। कई इलाकों में परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
अलावलपुर उद्दा में मलबे में दबा पूरा परिवार
सोमवार रात अलावलपुर उद्दा गांव में दिनेश सिंह का मकान गिर गया। हादसे के वक्त वह अपनी पत्नी और पांच बच्चों के साथ सो रहे थे। मलबे में दबकर दिनेश, उनकी बेटी वंशिका और बेटा शिव गंभीर रूप से घायल हो गए। शेष परिजनों को मामूली चोटें आईं। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो घायलों को मेरठ रेफर किया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम और पुलिस टीम ने जेसीबी की मदद से रेस्क्यू कराया। क्षेत्रीय विधायक ओम कुमार ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
जंदरपुर में बच्ची की मौत, दो बहनें घायल
गजरौला शिव क्षेत्र के जंदरपुर गांव में मंगलवार सुबह शाहिद का कच्चा मकान गिर गया। मलबे में दबकर तीन वर्षीय चाहत की जान चली गई, जबकि उसकी दो बहनें आयात (4) और अलीशा (2) घायल हो गईं।
नहटौर में छत गिरने से वृद्ध घायल
नई आबादी, नहटौर में अय्याज (60) दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, जब अचानक छत गिर गई। नीचे आई उनकी पत्नी बच गईं, लेकिन अय्याज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
तुराबनगर और जलालपुर में कई लोग घायल
गांव तुराबनगर में बाबूराम सिंह का मकान ढहने से मनोज (45), उनकी भाभी विनोद (48), पुत्र सत्यम (6) और रिश्तेदार पियूष (9) घायल हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
वहीं, जलालपुर तुर्क में ब्रजपाल सिंह की पशुशाला गिरने से चार मवेशी घायल हो गए।
मोहम्मद अलीपुर में गिरा मकान, मां-बेटी घायल
गांव मोहम्मद अलीपुर भिक्कन में संजीव कुमार की पत्नी संकेस (40) और बेटी लवली (13) सो रही थीं, जब मकान की दीवार गिर गई। दोनों मलबे में दबकर घायल हो गईं। पास ही कोमल सिंह का कच्चा मकान भी ढह गया, जिससे अनाज और अन्य सामान दब गया।
नूरपुर में भी भारी नुकसान
गांव दौलतपुर बिल्लौच में वकील शाह के मकान का बरामदा भरभरा कर गिर पड़ा। वहीं, पास ही फकरुद्दीन के निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से आमिर खान के खेत में लगे करीब 100 यूकेलिप्टस के पौधे नष्ट हो गए।
कई परिवार खुले में रहने को मजबूर
स्योहारा के फैजुल्लापुर गांव में रेखा पत्नी सोनू प्रजापति का मकान गिर गया, जिसमें पूरा राशन नष्ट हो गया। मंडावली के कामगारपुर में वीर सिंह और उनकी बेटी सलोनी उस समय घायल हो गए जब मंगलवार तड़के उनका कच्चा मकान ढह गया। अब ये परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी
प्रशासन की ओर से सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।