यूपी रोडवेज मुख्यालय में बायोमेट्रिक हाजिरी लागू, देर से आने पर कटेगा वेतन

प्रबंधन की सख्ती के बाद गुरुवार से रोडवेज मुख्यालय में बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था लागू कर दी गई। समय पर न पहुंचने पर वेतन कटौती की चेतावनी के चलते अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी समय से पूर्व ही कार्यालय पहुंचने लगे। नई व्यवस्था पूरे दिन कर्मचारियों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।

दरअसल, मुख्यालय में देर से पहुंचने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने यह निर्णय लिया था। 10 जुलाई से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति को अनिवार्य कर दिया गया है। तय समय के अनुसार, सुबह 9:30 बजे तक कार्यालय पहुंचना अनिवार्य है, जबकि कार्य दिवस शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय के उल्लंघन पर वेतन कटौती की चेतावनी दी गई है।

गुरुवार सुबह मुख्यालय परिसर में वाहनों की कतारें यह संकेत दे रही थीं कि कर्मचारियों ने समय का पालन करने में कोई कोताही नहीं की। कई अधिकारी तो तय समय से पहले ही दफ्तर पहुंच गए थे। यही स्थिति शाम को भी देखने को मिली, जब अधिकतर कर्मचारी और अधिकारी छह बजे तक अपनी जगह पर मौजूद रहे।

प्रबंधन की यह नई पहल अनुशासन लाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here