अयोध्या। शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म पठान का अयोध्या का संत समाज भी विरोध कर रहा है। हनुमानगढ़ी के वरिष्ठ पुजारी राजूदास ने कहा कि जिस थिएटर में यह फिल्म लगे उसे फूंक दो। दुष्टों के साथ दुष्टता का आचरण ही करना चाहिए।
दरअसल, इस फिल्म के गाने बेशरम रंग में दीपिका भगवा रंग की बिकिनी पहने हुए हैं। इसमें शाहरुख और दीपिका ने बोल्ड सीन दिए हैं। दीपिका के भगवा रंग की बोल्ड ड्रेस पहनने पर ही विवाद हो रहा है। राजूदास ने कहा, बॉलीवुड-हॉलीवुड लगातार इस प्रयास में रहता है कि किसी प्रकार से सनातन धर्म, संस्कृति का मजाक उड़ाए। हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया जाए। साधु-संतों का रंग, राष्ट्र का रंग, देश का रंग, सनातन संस्कृति का रंग भगवे का जिस तरह से पठान मूवी में अपमान किया गया है। यह बहुत दुखद है। उन्होंने पठान फिल्म का बहिष्कार करने की अपील की है।