महिला जज का शव फंदे से लटका मिला: बदायूं में सरकारी आवास में रहती थीं ज्योत्सना राय

उत्तर प्रदेश के बदायूं में बड़ी घटना हुई है। शनिवार सुबह सरकारी आवास में महिला जज ज्योत्सना राय का शव फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर डीएम-एसएसपी समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए। घटनास्थल पर छानबीन कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसके बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है। 

जानकारी के मुताबिक, सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय की जज ज्योत्सना राय शनिवार सुबह अपने कोर्ट में नहीं पहुंचीं। साथी जजों ने उनके नंबर पर कॉल की, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। कर्मचारियों के मुताबिक जज के आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। 

lady judge Jyotsna Rai body found hanging in government residence in Budaun

पंखे से लटका था शव 
मौके पर पहुंची पुलिस ने धक्का मारकर उनके आवास का दरवाजा खोला। तब पुलिस अंदर घर में दाखिल हुई। अंदर एक कमरे में पंखे से उनका शव फंदे से लटका हुआ था। घटना की सूचना पर डीएम मनोज कुमार और एसएसपी आलोक प्रियदर्शी समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया गया। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मौके पर छानबीन के दौरान कुछ अभिलेख मिले हैं, जो घटनाक्रम से संबंधित हो सकता है। सभी तथ्यों पर गहनता से जांच कराई जा रही है। 

मऊ की रहने वाली थीं ज्योत्सना राय
बताया जा रहा है कि ज्योत्सना राय मूल रूप से मऊ जिले की रहने वाली थीं। वह बदायूं में सिविल जज जूनियर डिवीजन की मुंसिफ मजिस्ट्रेट थीं। बदायूं में उनकी दूसरी पोस्टिंग थी। इससे पहले वह अयोध्या में भी तैनात रह चुकी थीं। वह वर्ष 2019 में सिविल जज बनी थीं। उनकी उम्र 29 साल बताई गई है। सरकारी आवास में महिला जज का शव मिलने से हर कोई स्तब्ध है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here