मुख्यमंत्री योगी का आह्वान: पौधरोपण कर मां के प्रति जताएं कृतज्ञता

अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महाअभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया प्राकृतिक आपदाओं का सामना कर रही है, और अमेरिका जैसे विकसित देश भी इसकी चपेट से अछूते नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह संकट अनियोजित विकास का नतीजा है, जिसे केवल संतुलित विकास और पर्यावरण संरक्षण के जरिए ही टाला जा सकता है।

सीएम योगी ने सरयू तट स्थित रामपुर हलवारा में आयोजित कार्यक्रम में किष्किंधा वन और सिटी फॉरेस्ट का उद्घाटन किया तथा पौधरोपण कर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान सिर्फ वृक्षारोपण नहीं, बल्कि मां के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने का भी अवसर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि एक पेड़ लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 204 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 75 प्रतिशत से अधिक अभी भी जीवित हैं। प्रदेश में अब तक पांच लाख एकड़ से अधिक भूमि पर हरित क्षेत्र का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश अब हीट वेव से ग्रीन वेव की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी ने त्रिवेणी वाटिका में पीपल, बरगद और नीम के पौधे लगाए।

हनुमानगढ़ी और रामलला के किए दर्शन, मंदिर निर्माण का लिया जायजा

सीएम योगी ने अयोध्या प्रवास के दौरान हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने रामलला के दरबार में दर्शन किए और आरती उतारी। मंदिर परिसर की परिक्रमा कर उन्होंने राम मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण भी किया।

राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें निर्माण की वर्तमान स्थिति और आगे की योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने राम दरबार में भी दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उल्लेखनीय है कि जुलाई माह में यह सीएम योगी का पहला अयोध्या दौरा था। इससे पूर्व वे 5 जून को राम दरबार के लोकार्पण के अवसर पर अयोध्या आए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here