प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता गोविंदा सोमवार को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे। वह पड़ोसी जिले गोंडा में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होने आए थे, जो समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव दिग्विजय सिंह के तिलकोत्सव के अवसर पर उनके पैतृक निवास रामेश्वर पुरवा मिझौरा परसपुर में आयोजित किया गया था। विवाह कार्यक्रम से लौटते हुए गोविंदा ने अयोध्या जाकर रामलला का दर्शन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।
धार्मिक पर्यटन में पिछले दो महीनों में आई भारी गिरावट
अयोध्या में पिछले दो महीनों में धार्मिक पर्यटन के आंकड़ों में भारी गिरावट देखी गई है। एक सर्वे के अनुसार, यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 50% तक कम हुई है। यह कमी न केवल धार्मिक पर्यटन के लिए चिंताजनक है, बल्कि इसका असर स्थानीय अर्थव्यवस्था और सकल घरेलू उत्पाद (GDP) पर भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। महाकुंभ के दौरान तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ अब समाप्त हो चुकी है, जिससे स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
रामनवमी के बाद से ही अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार घट रही है, जिसका असर होटल व्यवसाय, परिवहन सेवाओं और छोटे व्यापारियों की आमदनी पर पड़ा है। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड इकोनॉमिक एसोसिएशन के महासचिव और अर्थशास्त्री प्रो. विनोद श्रीवास्तव के मुताबिक, 10 मार्च के बाद से अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट शुरू हुई थी।
पहले रोजाना लगभग डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए आते थे, जबकि अब यह संख्या करीब 70 हजार तक घट गई है। सर्वे में यह भी पता चला है कि श्रद्धालु अधिकतर सुबह आते हैं और शाम तक वापस लौट जाते हैं, और उनका औसत खर्च केवल 500 से 1000 रुपये के बीच रह जाता है। यह रुझान धार्मिक पर्यटन के लिए नकारात्मक माना जा रहा है, जिससे अयोध्या धाम की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।