फिरोजाबाद: थाना सिरसागंज में तैनात महिला और उसके पति ने जहरीले पदार्थ का सेवन किया

फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज में तैनात महिला महिला और उसके पति ने शनिवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। पुलिस दोनों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची। हालत गंभीर होने पर दोनों को निजी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूनम राजपूत महिला कांस्टेबल है। उसकी तैनाती सिरसागंज थाने में है। जबकि पति नीतेंद्र कुमार प्राइवेट नौकरी करता था। लॉकडाउन में उसकी नौकरी छूट गई थी। नौकरी छूटने के बाद नीतेंद्र अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सिरसागंज थाना क्षेत्र में फायर स्टेशन के समीप बने सरकारी आवास में रहता था। 

नीतेंद्र मूलरुप से मैनपुरी जिले का रहने वाला है। गुरुवार को पूनम के बेटे का जन्मदिन था। वह अपने पति और बच्चों के साथ मैनपुरी ससुराल गई थी। शुक्रवार शाम को वापस आई। शनिवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस बीच नीतेंद्र ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। 

पति के बाद पत्नी ने भी खाया विषाक्त पदार्थ

बच्चों द्वारा शोरगुल करने पर पूनम को इसकी जानकारी हो सकी। पूनम ने भी विषाक्त पदार्थ खा लिया। घर में चीख-पुकार मचने पर आसपास रहने वाले पुलिसकर्मी पहुंच गए। पति-पत्नी को बेहोश देख उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। 

उन्होंने पति-पत्नी को सरकारी ट्रामा सेंटर भेज दिया। उनकी हालत गंभीर होने पर निजी ट्रामा सेंटर ले गए। सीओ सिरसागंज कमलेश सिंह का कहना है कि महिला कांस्टेबल और उसके पति ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। दोनों का उपचार चल रहा है। घटना का कारण ज्ञात नहीं हो सका है।

सीआर में चल रही थी ड्यूटी

थानाध्यक्ष सिरसागंज शिव कुमार चौहान का कहना है कि पूनम राजपूत की तैनाती सिरसागंज थाने में है। लेकिन उनकी वर्तमान में सीआर में ड्यूटी चल रही थी। वह पुलिस लाइन से ही अवकाश लेकर गई थी। घटना के पीछे गृह क्लेश हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here