बहजोई: बीमा पॉलिसी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी साजिश का खुलासा किया है। बीमा गिरोह के सदस्य शाहरुख की गिरफ्तारी के बाद दो हत्याओं का राज सामने आया है। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि दिल्ली से गिरफ्तार शाहरुख के मोबाइल डेटा की जांच के बाद सात और लोगों को हिरासत में लिया गया है। इन आरोपितों ने बीमा राशि हड़पने के लिए दो हत्याएं कीं और उन्हें दुर्घटना के रूप में दिखाकर क्लेम हासिल किया।
गिरफ्तार आरोपी और उनका षड्यंत्र
गिरफ्तार आरोपियों में धनारी थाना क्षेत्र के वेद प्रकाश और कमल सिंह (दो सगे भाई), मीणा की मढ़ैया का निर्देश कुमार, बाय भूड़ का प्रेम शंकर, भागनगर का ओमप्रकाश, हिरौनी गांव का सुनील कुमार और पैगा रफातपुर का उदयभान शामिल हैं। जांच में पता चला कि इस गिरोह ने अमरोहा जिले के रहरा क्षेत्र में अलग-अलग समय पर दो युवकों की हत्या कर उनके शव को दुर्घटना का रूप दिया।
पहली घटना: अमन की हत्या
पहली घटना में अमन नामक युवक को सिर पर वार कर हत्या की गई और फिर सड़क किनारे दुर्घटना का रूप देकर मामला दर्ज कराया गया। अमन के नाम पर 2.70 करोड़ रुपये की बीमा पॉलिसी ली गई थी, जिसमें से 20 लाख रुपये का भुगतान बीमा कंपनी से प्राप्त किया जा चुका था। बाकी राशि के लिए क्लेम किया गया था।
दूसरी घटना: सलीम की हत्या
दूसरी घटना में धनारी स्टेशन के सलीम नामक युवक की हत्या कर उसी क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के रूप में पेश किया गया। बीमा पॉलिसी के आधार पर 78 लाख रुपये का क्लेम प्राप्त किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि इस राशि को आरोपियों ने आपस में बांट लिया, जिसका प्रमाण बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल डेटा से मिला है।
पहले पॉलिसी, फिर हत्या का पैटर्न
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि गिरोह पहले बीमा पॉलिसी खरीदता था, फिर सुनियोजित तरीके से हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देता था। इसके बाद बीमा कंपनी से क्लेम प्राप्त कर धन को आपस में बांट लेता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।