हाथरस जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका देख कर शुक्रवार को महिला मरीजों व उनके तीमारदारों ने हंगामा किया। अस्पताल के बाहर फ्लाईओवर के पास अलीगढ़ रोड जाम कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर उन्हें समझा बुझाकर यातायात सुचारू कराया। इसके बाद महिलाएं दोबारा अस्पताल पहुंच गईं। सीएमओ और सीएमएस की उपस्थित में ताला तोड़ा गया। तब अल्ट्रासाउंड हुआ।
जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड को लेकर आए दिन विवाद होता रहता है। महिला मरीज अस्पताल पहुंचीं, तो अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका हुआ था। महिलाओं का आरोप है कि करीब 10 बजे तक अल्ट्रासाउंड कक्ष नहीं खुला। इस संबंध में महिला मरीजों ने जानकारी की तो पता चला कि अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्सक अभी अस्पताल नहीं आए हैं। इस पर महिला मरीजों व उनके तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया।

आक्रोशित महिलाओं ने जिला अस्पताल के बाहर अलीगढ़ रोड पर जाम लगा दिया। इससे वहां आवागमन रुक गया। कुछ वाहन चालकों ने जब वाहन निकालने की कोशिश की, तो महिलाओं की उनसे नोकझोंक भी हुई। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर यातायात सुचारू कराया। इसके बाद महिलाएं दोबारा अस्पताल पहुंची। मौके पर सीएमओ डॉ. मंजीत सिंह और जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. शैली सिंह भी पहुंच गईं। दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में कक्ष का ताला तोड़ा गया। तब जाकर अल्ट्रासाउंड शुरू हुए।
अल्ट्रासाउंड के लिए मांगे जाते हैं रुपये
काफी महिलाओं का आरोप था कि अल्ट्रासाउंड के नाम पर रुपये की मांग की जाती है। रुपये न देने पर अल्ट्रासाउंड करने से मना कर दिया जाता है। कई बार शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई।
पिछले 15 दिन से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल के चक्कर लगा रही हूं। इसके बावजूद मेरा अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका। शुक्रवार को भी अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका हुआ है। – पूनम सेंगर, महिला मरीज
मैं 15 दिन से अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल के चक्कर काट रही हूं। चिकित्सक अल्ट्रासाउंड के एवज में रूपये की मांग करते हैं। कई बार शिकायत भी की जा चुकी है। – ऋतु, महिला मरीज
कई दिनों से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए जिला महिला अस्पताल आ रही हूं। मेरा अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है। इसकी वजह से परेशान हूं। – खुशबू, महिला मरीज
रेडियोलाजिस्ट ही रोजाना अल्ट्रासाउंड कक्ष का ताला खोलते हैं। शुक्रवार को उन्होंने ताला नहीं खोला। बिना पूर्व सूचना वह सुबह 10 बजे तक अस्पताल में उपस्थित नहीं थे। अस्पताल आने के बावजूद उन्होंने अल्ट्रासाउंड कक्ष का ताला नहीं खोला। मरीजों का गुस्सा फूट पड़ा। चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएमओ को कक्ष लिखा जाएगा। – डॉ.सीएमएस, जिला महिला अस्पताल