शाहजहांपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शनिवार को नगर निकाय चुनाव की तैयारियों के संबंध में पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में कहा कि चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी करने वाले पदाधिकारियों को अनुशासन में रहने की जरूरत है। कोई भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता संभावित प्रत्याशी लिखवाकर पोस्टर बैनर न लगवाए। उनकी जानकारी में आने पर टिकट कट जाएगा। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में विद्रोह की स्थिति को रोकना जिले के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।
शनिवार रात रेती रोड स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने जिलास्तरीय पदाधिकारियों से कहा कि किसी भी व्यक्ति को टिकट का आश्वासन नहीं देना है। वरिष्ठ नेता जिसे बोल देंगे, उसका टिकट फाइनल कर दिया जाएगा। 33 मिनट के भाषण के दौरान चौधरी ने कहा कि नगर पालिका व नगर पंचायतों में बेहतर रणनीति के साथ चुनाव लड़ना होगा। यही कार्यकर्ताओं के लिए चुनौती है।
चौधरी ने चुनाव प्रबंधन पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सभी नगर निगमों में मंत्री व प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं व नगर पालिकाओं के लिए पूर्व मंत्री व प्रदेश स्तरीय नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
लोकसभा में गठबंधन के बाद भी नहीं रोक पाए विरोधी विजय रथ
भूपेंद्र चौधरी ने 2019 के लोकसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि चुनाव में दो बड़े राजनीतिक दल एक हो गए। पश्चिम का बड़ा दल कहा जाने वाला राष्ट्रीय लोक दल भी उनके साथ था। उसके बाद भी प्रदेश की जनता ने 80 प्रतिशत सीटें भाजपा की झोली में डाल दीं, साथ ही अकेले भाजपा को 50 प्रतिशत वोट दिया।