समाजवादी पार्टी (सपा) के बदायूं सांसद आदित्य यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने सपा सरकार और वर्तमान भाजपा सरकार की तुलना करते हुए विवादित बयान दिए हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए आदित्य यादव ने कहा कि सपा के समय आम जनता बिजली ‘कटिया’ लगाकर चलाती थी, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी कार्रवाई करने से डरते थे।
उन्होंने आगे बताया कि सपा सरकार में आम लोगों को थाने में सम्मान मिलता था, थानेदार खुद कुर्सी छोड़कर उनका आदर करते थे और सपा कार्यकर्ताओं को विशेष सम्मान प्राप्त था। इसके विपरीत, उन्होंने भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आज कानून आम जनता के लिए परेशानी बन गया है, लोग थाने जाने से डरते हैं और शिकायत करने वालों पर उल्टा मुकदमा व जुर्माना लगाया जाता है।
आदित्य यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार को विकास कार्यों में असफल बताते हुए कहा कि न तो विकास हो रहा है और न ही जनता को कोई राहत मिल रही है। बदायूं से सांसद और सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य यादव के ये बयान उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस का विषय बन गए हैं।