कानपुर में चकेरी पुलिस ने रविवार को अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन शातिरों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक कबाड़ी है, जो बाइकों को काटकर उसे स्क्रैप बनाकर बेचता था। पुलिस ने इनके पास से चोरी की 11 बाइकें बरामद कीं। नौ बाइकों का स्क्रैप भी मिला है। एक अन्य साथी कबाड़ी की पुलिस तलाश कर रही है।
एसीपी चकेरी संतोष सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में वार्ता में बताया कि क्षेत्र से लगातार वाहन चोरी हो रहे थे। वारदातों से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से चोरों की तलाश शुरू की। वारदात के दौरान चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क लगाते थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महाराजपुर के सरसौल के गांव भेवली निवासी श्यामू दुबे उर्फ विशाल कुमार को चकेरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी की बाइक मिली। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि साथियों के साथ रेकी के बाद वाहनों को चोरी कर कबाड़ी को छह हजार रुपये में बेच देते हैं।
रिपोर्ट दर्जकर शातिरों को भेजा जेल
इस काम में उसका साथ सरसौल निवासी अमजद अली, कबाड़ी फतेहपुर के औंग निवासी उदयभान उर्फ कल्लू व गांव खदरा निवासी दुर्गेश उर्फ कल्लू भी देते हैं। पुलिस ने अमजद अली, उदयभान को भी गिरफ्तार किया। कबाड़ी दुर्गेश उर्फ कल्लू फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों की निशानदेही पर उनके पास से चोरी की बाइकें और बाइकों को स्क्रैप बरामद किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर शातिरों को जेल भेज दिया।
अमजद रेकी करता, श्यामू चुराता था
श्यामू ने पुलिस को बताया कि वह सुनसान जगह पर खड़ी बाइकों को चुराता था। अमजद अली बाइक की रेकी करता था और फिर श्यामू को बताता था। श्याम बाइक चोरी करके महाराजपुर की ओर ले जाकर कबाड़ी उदयभान उर्फ कल्लू और दुर्गेश उर्फ कल्लू को दे देते थे।
आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है
वहीं, श्यामू उर्फ विशाल दुबे पर चकेरी में पांच, जाजमऊ, महराजपुर और नौबस्ता में एक-एक केस दर्ज है। कानपुर देहात के अकबरपुर थाने में भी एक मामला दर्ज है। बाकी का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है।