कलेक्ट्रेट में महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

मुजफ्फरनगर। बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अपने बच्चों के साथ आत्मदाह का प्रयास किया। बताया गया कि महिला न्याय न मिलने से क्षुब्ध थी। मौके पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे बचा लिया, अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पुलिस ने महिला और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सिविल लाइन थाने में दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कवाल गांव निवासी शालू की शादी जानसठ निवासी अमित से हुई थी, जिनकी करीब एक वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई। शालू का आरोप है कि पति की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने उसे बच्चों सहित घर से निकाल दिया और संपत्ति पर कब्जा कर लिया। महिला का कहना है कि वह लंबे समय से अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है और कई बार जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगा चुकी है।

बुधवार को भी वह अपनी मां के साथ डीएम कार्यालय पहुंची थी, जहां उसे बताया गया कि मामला न्यायालय के अधीन है और कानूनी प्रक्रिया के तहत ही समाधान संभव है। इस पर आक्रोशित होकर शालू ने कलेक्ट्रेट परिसर में अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क आत्मदाह की कोशिश की। गनीमत रही कि पुलिसकर्मियों ने समय रहते उसे रोक लिया।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि महिला और उसकी मां को कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि शासन की ओर से हर पीड़ित को नियमानुसार न्याय दिलाने का प्रयास किया जाता है। न्यायालय से संबंधित मामलों में न्याय वहीं से मिल सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here