मुजफ्फरनगर, रतनपुरी। रतनपुरी स्थित श्री प्राण नाथ इंटर कॉलेज के प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के तत्वावधान में किसान महासम्मेलन का आयोजन किया गया। महासम्मेलन में भाजपा नेताओं ने केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों का जमकर गुणगान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव बैंक के सभापति तेजवीर सिंह ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार ने किसान हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जैसी कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रदेश की योगी सरकार की जमकर तारीफ की। जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने हेतु भी अनेक योजनाएं चलाई हैं। किसान मान, धन, बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड जैसी अनेकों योजनाएं चलाई जा रही है। जिनका लाभ किसान उठा रहे हैं।
बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने कहा कि सरकार की ओर से किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दी जा रही हैं। वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन के अलावा शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मेधावी छात्रों को टैबलेट, स्मार्ट फोन एवं धनराशि प्रदान की जा रही है। भाजपा नेता राजू अहलावत ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार किसान हित में निरंतर कार्य कर रही है। अभी तक किसी भी सरकार ने किसानों के लिए इस प्रकार कार्य नहीं किए। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. सुधीर सैनी ने आगामी दो जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मेरठ के सलावा में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन मास्टर सत्यजीत ने किया तथा अध्यक्षता कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सभापति तेजवीर सिंह ने की। विधायक विक्रम सैनी, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सहरावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम, पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सैनी, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमित रावल, राजू अहलावत, रवि कुमार सैनी, बड़सू मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान, आदेश सोम, सुधीश पुंडीर, रविकांत पाल, हरिओम सोम, गुलाब सिंह, मनोज लोहड्डा, मोनू सोम, मोहन सिंह आदि उपस्थित रहे।