मुजफ्फरनगर। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने के लालच में अज्ञात साइबर ठगों ने एक महिला से 9.33 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित महिला की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र की द्वारिका सिटी निवासी सुचिता बंसल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम के लिए क्लिक किया था। इसके बाद उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई और उन्हें टेलीग्राम से जुड़ने के लिए कहा गया। लिंक पर स्टार रेटिंग करते हुए उन्होंने पैसे भेजे और उन्हें 20 टास्क दिए गए।
टास्क पूरे करने के बाद महिला को 6,800 रुपए और मुनाफे के तौर पर 10,000 रुपए मिले। इससे महिला का भरोसा कंपनी पर बढ़ गया। इसके बाद ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर महिला से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 9.33 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपियों ने महिला के खाते में कोई रकम वापस नहीं भेजी।
साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।